Sunday, December 17, 2023

हार कर फांसी पे चढ़ गया...

 


बेरोज़गार मेरे राज्य का, काँच-सा बिखर गया,

इम्तिहान देना चाहता था, घोटालों से डर गया।


नियुक्तियाँ सब खा गए, नेता के रिश्तेदार,

ज्यों पालक की बेड़ी को, खुला सांड चर गया।


विज्ञप्तियों के इंतज़ार में, चश्मे का नंबर बढ़ गया,

प्रतिस्पर्धा की दौड़ में, वो खुद से ही पिछड़ गया।


सोचा था पहाड़ रहकर, गाँव-घर सँवारेंगे,

पर उसका हर एक ख़्वाब, राजनीति में गड़ गया।


फिर भी हौसला समेटकर, हालातों से लड़ गया,

ना वक़्त साथ दे सका, अपनों से भी बिछड़ गया।


नाकामियाँ मजबूर कर, हार उसकी गढ़ रहीं,

ज्यों कच्चा फल डाल पर, पकने से पहले सड़ गया।


दीमक लगी प्रतिभा को, संतुलन भी बिगड़ गया,

फिर भी सफलता के लिए, किस्मत से वो अड़ गया।


आख़िर जला दीं डिग्रियाँ, सपनों की हर पोटली,

एक और बेरोज़गार फिर, फाँसी पे चढ़ गया।






Thursday, October 26, 2023

कविता स्पष्ट है बरदोश नहीं है..



कविता स्पष्ट है बरदोश नहीं है

अर्द्ध मूर्छित है मगर बेहोश नहीं है

जो चाहे जिस भाषा शैली में गड़े 

व्यंगात्मक हो सकती है मगर रूपोश नहीं है 


कोई तारीफ लिखे कोई नाकामियाँ 

कोई व्याकुलता कोई संतोष लिखे 

कोई अमन शांति का पैगाम दे  

कोई उबलते जज्बातों का आक्रोश लिखे 


कुछ लिखते हैं अनकहे जज्बातों को 

कुछ अपने व्यंग्य का सैलाब लिखे 

कुछ धरती के मनोरम सौंदर्य का करते वर्णन 

कुछ कटु वर्णो से तेजाब लिखे 


कुछ प्रेम का सुंदर आभास लिखते हैं 

कुछ दबे कुचले लोगों की आवाज लिखे 

कुछ लिखते हैं खामोशी आपातकाल की 

कुछ 1857 की क्रांति का आगाज लिखे 


हर कोई अपने तरीके से तोड़ मरोड़ कर 

नए रचनाओं से नए शब्दों को आयाम देते हैं 

कोई फैलाते है जहर दुनियाँ मे 

कोई हर ओर शांति का पैगाम देते हैं 


बहरे है लोग भले गूंगी सरकार चाहे 

जंग जारी है कवि खामोश नहीं है 

कितनी कर लो अवहेलना विरोध मे 

कविता स्पष्ट है बरदोश नहीं है ||

बरदोश = छुपी हुयी 

रूपोंश = भागा हुआ, 




Wednesday, October 11, 2023

कल तेरी भी बारी है...


                       करके खून पसीना एक

रिश्तों को जिसने सींचा है,

सहकर दुनियाभर की पीड़ा 

जिसने आंखों को मींचा है


तपती दुपहरी बिन चप्पल भी 

सातों भँवर वो घूम रहा है

चिंता मे व्याप्त रहता हरपल

ना एक पल का भी सुकून रहा है 


कौड़ी कौड़ी जोड़-जोड़कर 

जिनके ख्वाबों का आगाज़ किया है 

उसकी फटी एड़ियों का दर्द

उन सबने नजरअंदाज किया है


उसके फटे-पुराने कपड़े

उसकी मजबूरी दर्शाते हैं

जिसने बांँटा कौर भी खुद का 

लो अब उसी के लिए तरसाते हैं 


कितना खुदगर्ज हो रहा है इंसां

भुला बैठा जीवनदाता का उपकार 

बूढ़े माँ बाबा को समझे बोझ

बढ़कर पिल्लों को देता है प्यार 


आरंभ हो चुका है कलयुग, तम

धीरे-धीरे पैर पसार रहा है

पहले जड़ें जर्जर हुई नातों की

अब इंसानियत भी मार रहा है


कोई देश , कोई धर्म विरोधी

कहीं विरोध भाई–भाई का कर रहा है

समझ रहे हैं हम जहां की उन्नति

पर मेरी नजर में सब उजड़ रहा है।


क्या मोल है उस प्रगति का

जिसमें निज कुटुंब का भाव नहीं 

निष्ठुर वृक्ष वह है खजूर सम,

अपनत्व की शीतल छाँव नहीं 


दुःखी पड़ा है मनुज मुस्काता

तिस पर अंतर्मन में सुकून नहीं 

विरक्त हो चुकी रक्त वाहनियाँ 

अब किसी में पितृ सेवा का जुनून नहीं 


भूल चुका चरणों मे इनके

खुदा ने जन्नत न्यौछारी है

आज जैसा वह कर रहा है 

कल उसकी भी बारी है।।




Saturday, September 30, 2023

हाँ है वो मेरे लिए खास.....


                        हाँ है वो मेरे लिए खास

बेवजह खुश कभी बेवजह उदास

न दूरियाँ है दरमियाँ, न मिलन की है आस

न साथ मेरे रहती है फिर भी है आसपास

हाँ है वो मेरे लिए खास


कभी गुस्से मे मुँह फूला ले

कभी दुनियां तमाम का प्यार लुटा दे

कभी दिल के इमौज़ी संग संजोए नाम

कभी नंबर ही हटा दे

वो अजनबी है नहीं पल पल दिलाती है एहसास

हाँ है वो मेरे लिए खास


कभी उसकी नादानी मुझे

बचपन अपना याद दिलाते हैं

उसकी हंसी और गालों मे डिम्पल

ग़म जहान के सारे भुलाते हैं

रहती है कोशिश वो कभी, न हो मेरे हरकतों से निराश

हाँ है वो मेरे लिए खास


वो सच्ची है सोने सी खरी

वो साथी सखा राधा से बढ़कर

वो ग़म अपना छुपाना चाहती है

पर आंसू गिरते पलकों पे चढकर

जितना खुश वो मिलन से है, उतनी ही बिछड़ने से हताश

हाँ है वो मेरे लिए खास


संग साथ जो गुज़रे है वो

लम्हे ताउम्र रहेंगे साथ

शायद कल छूट जाए दामन

कैसे संभालेंगे ज़ज्बात

अब हमारे इस बेनाम रिश्ते का, गवाह होगा इतिहास

हाँ है वो मेरे लिए खास,

हाँ है वो मेरे लिए खास.....



Sunday, September 17, 2023

Saturday, September 16, 2023

मैं किसी के लिए बेशकीमती, किसी के लिए बेकार हूँ


 मैं कब कहाँ क्या लिख दूँ
इस बात से खुद भी बेजार हूँ
मैं किसी के लिए बेशकीमती
किसी के लिए बेकार हूँ

समझ सका जो अब तक मुझको
कायल मेरी छवि का है 
मुझमे अंधकार है अमावस सा 
मुझमे तेज रवि का है 

अब कैसे पलट दूँ परिस्थितियों को 
हर रोज मुश्किलों से होता दो चार हूँ 
मैं किसी के लिए ध्रुव तारा सा 
किसी के लिए बेकार हूँ 

मैं निराकार मे भी आकर भर दूँ 
मैं सैलाब से लड़ता किनारा हूँ 
मैं सकल परिस्थिति मे खुद का भी नहीं 
मैं संकट में सदैव साथ तुम्हारा हूं 

मैं रेगिस्तान मे फूल उगाने को 
हर पल रहता तैयार हूँ 
मैं किसी के लिए आखिरी उम्मीद 
किसी के लिए बेकार हूँ 

मैं भेद नहीं करता धर्मों मे 
पर शंख, तिलक मेरे लिए अभिमान है 
मैं भक्त भले प्रभु श्रीराम का 
पर एक मेरे लिए गीता और कुरान है 

मैं छेड़छाड़ नहीं करता संविधान से 
पर हक के लिए लड़ता लगातार हूँ 
मैं किसी के लिए सच्चा नागरिक 
किसी के लिए बेकार हूँ 





Friday, July 7, 2023

इन्कार कर रहा हूँ



जीते जी चार कंधों का इंतजार कर रहा हूं

मैं हर दर पे मौत की दुआ हर बार कर रहा हूँ

जो चले गए वो ना लौटेंगे जो पास हैं वो साथ नहीं 

लोग भरोसा करते है लकीरों पे, मैं खुदा की रहमत से भी इंकार कर रहा हूँ 


जो उजड़ गए है इमारत सपनों के 

मैं दिलों जान से उन्हें बेजार कर रहा हूँ 

तुम खुश हो जहां भी हो ये भी सही तो है 

अब मैं ही खुद को तेरी महफिल से दर किनार कर रहा हूँ 


कभी लगता था तुम ही हो सबसे करीब मेरे 

अब खुद के ज़ख्मों को कुरेद के बीमार कर रहा हूँ 

घाव भर तो गए छाले अंदरूनी आज भी हैं मगर 

तेरे आने की आस में अब भी अपना वक्त बेकार कर रहा हूँ 


कभी मुझे मोहब्बत थी ज़िंदगी के हर लम्हे से 

अब खुद ही खुद को डुबाने के लिए तैयार कर रहा हूँ 

अब ना तुम रहे ना वो लम्हे ना दिलों मे जगह अपनी 

इसलिए खुद को तोड़ कर तार तार कर रहा हूँ 


हर टूटे टुकड़े मे अब सिर्फ मेरा आयाम होगा 

ना किसी की दास्तान ना नाम होगा 

अब खुद ही खुद को कोसते रहेंगे जिंदगी भर

ना किसी से उम्मीद ना किसी पे इल्ज़ाम होगा 








Sunday, April 30, 2023

धरती माँ की पुकार...

 


यह धरा हमारी भू-जननी,
जहाँ हमने नश्वर जीवन पाया है,
जिसका अमृत-सा जल पिया,
प्राणों का अन्न भी खाया है।
सदियों पुराना इतिहास जिसका,
भिन्न उत्पत्तियों की कहानी है,
नष्ट हो रही जो मनु-कृत्यों से,
इसको हमने बचानी है।
धरती माँ के वृक्ष काट रहे,
बारूदी बल पर धरा बाँट रहे,
सूख रहे जलप्रपात भू-मंडल के,
सूख रहा सब पानी है।
कहीं करो जल-संरक्षण,
कहीं करो वृक्षारोपण,
फिर नवजीवन धरा पर लानी है।
जब धरा का जर्रा-जर्रा
हरियाली से गुलज़ार होगा,
कभी न सूखे की मार पड़ेगी,
हर पल बसंत बहार होगा।
रिमझिम मेघ बरसेगा अम्बर से,
मिट्टी की सोंधी खुशबू बयार होगी,
जब धरती पर खुशहाली होगी,
तब सुखी अपना संसार होगा।
जो बारूदी खेल आज
खेल रहा यह जहान है,
गगनभेदी मिसाइलों से
उठा रहा तूफ़ान है।
परिणाम से इसके अनभिज्ञ वह,
खुद को सोचता महान है,
धरती का सबसे बड़ा विनाशक
खुद आज बना इंसान है।
ओज़ोन परत में छिद्र हो रहा,
ग्लोबल वार्मिंग धरा को तपा रहा,
हर मौसम अब सर्प-दंश सा लगता,
हर साल नया कुछ दिखा रहा।
क्यों खेल रहे हो धरती से,
जिसने माँ बन सबको पाला है,
जाग जाओ, रोक लो खुद को,
वरना फिर प्रलय आने वाला है।
उठो, जागो धरती माँ के लाडलों,
फिर करना माँ का श्रृंगार है,
बहुत लिया है इस धरती से,
कुछ अर्पण करना ही संस्कार है।
आओ चमन में फिर फूल खिलाकर,
पवित्र विचारों का संचार करें,
फिर से गरिमामय करते हैं धरा को,
जिसकी यह हकदार है।
अस्तित्व संकट में जड़ मानव का,
हर संकेत यह बतला रहा,
खतरे के बादल मंडरा रहे हैं,
फिर भी न अफसोस जता रहा।
मत बन अचेत, मन में स्मरण कर,
क्यों दिन अपने घटा रहा,
कहीं पृथ्वी स्वयं शून्य में न समा जाए,
जागो, मैं तुमको जगा रहा।
जागो, मैं तुमको जगा रहा…




Tuesday, February 28, 2023

तेरी खामोशी, मेरा साज...



बिखरे अल्फ़ाज़ों की माला,
गढ़ना कभी आसान न था,
तेरे लबों की खामोशी को
पढ़ना कभी आसान न था।

फिर भी दिल की सुनी सदा,
भावनाओं को शब्दों में ढाला,
लफ़्ज़ों को पिरोया जब मैंने,
बन गई प्रीत की इक माला।

अब बस तुझ पर ही लिखना है,
तेरी ही आंखों को पढ़ना है,
तेरी खामोशी को लफ़्ज़ देना,
अपनी तन्हाई से लड़ना है।

लिखना है वो बिछड़ने का मंज़र,
लिखने हैं प्रेम के वो पल,
लिखनी है तेरी मेरी दास्तां,
हर वो मोड़, हर वो पहल।

जहाँ लिए थे वादे हमने,
कभी न होंगे एक-दूजे से दूर,
ज़िंदगी भर का साथ था माना,
उससे कम कुछ था न मंज़ूर।

तो फिर कैसे सब खत्म हुआ,
पल भर में बिखर गई बात,
एक बार तो आकर पूछ लो,
तेरे बिन कैसे हैं मेरे हालात।

अपने दर्द का घूंट अकेले पीता हूं,
तेरा साया आज भी मेरे दर से नहीं जाता,
तू भले ही दूर है अब मुझसे,
मगर मेरे भीतर से नहीं जाता।